सपा विधायक इरफान सोलंकी के साथी गैंगस्टर शौकत पहलवान की अन्य संपत्तियों पर पुलिस का एक्शन जारी है। कानपुर में शुक्रवार को जाजमऊ में कार्रवाई हुई। अब आज यानी शनिवार को पुलिस ने 14/43 ग्वालटोली स्थित प्रॉपर्टी को सील करने के लिए भारी पुलिस फोर्स पहुंची है। सभी 5 फ्लैट को सील कर दिया गया है।
बता दें कि शुक्रवार को पुलिस ने जाजमऊ स्थित 20 करोड़ की संपत्ति को सील किया था। पुलिस के मुताबिक, शनिवार को सील की गई संपत्ति शौकत के बेटे शेखू के नाम पर है। संपत्ति की कीमत करीब 3 करोड़ रुपए आंकी गई है। दो दिन में कुल 23 करोड़ रुपए की संपत्ति सील की गई है।पुलिस ने मुनादी कराकर पहले फ्लैट में रह रहे लोगों को आगाह किया। पुलिस के मुताबिक, 80 वर्ग गज में 5 फ्लैट बनाए गए हैं। जब पुलिस ने जांच की तो इसमें एक भी फैमिली नहीं रह रही थी। कार्रवाई के बाद 2 फैमिली मोहम्मद सफी और मोहम्मद हासिम परिवार के साथ फ्लैट में रह रहे थे। पुलिस की सख्ती के आगे दाेनों फैमिली मकान 10 मिनट के अंदर खाली करके चली गईं। फैमिली के पास गृहस्थी भी नहीं थी। पुलिस के मुताबिक, लोगों ने कोई डॉक्यूमेंट भी नहीं दिखाया।