भोपाल: भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से दो दिन के लिए मध्यप्रदेश के दौरे पर रहेंगी। वे आदिवासी बहुल शहडोल जिले में जनजातीय नायक बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होने के बाद देर शाम भोपाल पहुंचेंगी और बुधवार को भी यहां रुकेंगी।
सूत्रों के अनुसार राष्ट्रपति मुर्मू आज दिन में लगभग दो बजे शहडोल पहुंचकर वहां लालपुर में जनजातीय गौरव दिवस के राज्य-स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके पहले वे विशेष विमान से जबलपुर आयेंगी और वहाँ से सेना के हेलीकाॅप्टर से वह शहडोल पहुँचेंगी। दोपहर दो बजे लालपुर में जनजातीय गौरव दिवस में शामिल होंगी। राष्ट्रपति दोपहर को शहडोल से प्रस्थान कर भोपाल पहुँचेंगी।
राष्ट्रपति मुर्मु शहडोल में जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश में पंचायतों के अधिसूचित क्षेत्रों में विस्तार संबंधी एक्ट को आधिकारिक तौर पर लागू करने का ऐलान करेंगी। राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा, केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, प्रदेश की जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री श्रीमती मीना सिंह मांडवे, वन मंत्री विजय शाह, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री बिसाहूलाल सिंह और पशुपालन एवं सामाजिक न्याय मंत्री प्रेम सिंह पटेल भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।